रंका : रंका थाना क्षेत्र के गासेदाग गांव में पुरानी रंजिश के मामले को लेकर बीते मंगलवार को कहासुनी के बाद हुए मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल सुदेश सिंह (46) वर्ष की मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हुए मृत्यु के मामले में रंका पुलिस ने गुरुवार को आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस बाबत पुलिस उपाधीक्षक रोहित रंजन सिंह ने बताया कि रंका थाना क्षेत्र के गासेदाग गांव में बीते मंगलवार को पुरानी रंजिश के मामले तथा घर के सामने पानी गिरने के मामले में कहासुनी के बाद लाठी डंडे से सहोदर भाईयों के बीच हुए मारपीट की घटना में सुदेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद परिवार के लोग देर रात रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के पश्चात सदर अस्पताल गढ़वा ले गए थे।
जहां चिकित्सकों ने सुरेश सिंह की स्थिति देखते हुए तत्काल मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। वहाँ इलाज के क्रम में बुधवार को उसकी मृत्यु हो गई। परिवार के लोगों ने रंका थाना को मामले की जानकारी दी।
रंका पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना में शामिल अकबर सिंह, अंग्रेज सिंह, संतोष सिंह, सत्यनारायण सिंह, अमित सिंह और बिगन सिंह को गुरुवार के सुबह उनके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।