गढ़वा : लगभग 10 वर्षों से रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रहे स्वयंसेवी संगठन जागृति युवा क्लब के कोषाध्यक्ष विवेकानंद पाल व सक्रिय सदस्य नागेंद्र पाल ने एक-एक यूनिट रक्तदान किया। उन्होंने नगर निवासी राजकुमार के पुत्र शशिकांत एवं मोरबे गांव निवासी ललन प्रसाद की माता के लिए रक्तदान किया।
जानकारी के अनुसार उक्त मरीज के परिजनों ने क्लब के सचिव आशीष कुमार अग्रवाल से रक्त की आवश्यकता संबंधी संपर्क किया था। मौके पर क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र पाल ने कहा कि जरूरतमंदों के लिए रक्तदान करना एक पुनीत कार्य है। क्लब के हमारे सभी साथी इसमें बढ़-चढ़ कर भाग लेते रहते हैं। हम सभी को अपने जीवन का सार्थक उपयोग रक्तदान करके करना चाहिए।
मौके पर नागेंद्र पाल, मनीष कमलापुरी, शैलेंद्र कमलापुरी, उमेश कमलापुरी आदि उपस्थित थे।