मझिआंव: शिक्षा विभाग के राज्य स्तरीय भ्रमण दल के सलाहकार कामेश्वर सिंह एवं जेईपीसी के सदस्य जितेंद्र कुमार एवं अजित कुमार सहित तीन सदस्यीय कमेटी ने मझिआंव के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय एवं आदर्श विद्यालय अखौरी तहले का निरीक्षण किया।
इस संबंध में आदर्श विद्यालय अखौरी तहले में निरीक्षण कर रहे मुख्य सलाहकार कामेश्वर सिंह ने बताया कि गढ़वा जिले में 42 विद्यालयों का पर्यवेक्षण होना है। जिसमें मझिआंव के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में अभी काफी सुधार की आवश्यकता है। श्री सिंह ने बताया कि आदर्श विद्यालय अखौरी तहले में वे अपने भ्रमण दल के साथ ठीक सात बजे आ गए थे। स्मार्ट क्लास रूम, शौचालय आदि का निरीक्षण किया गया, जिसमे संतोषजनक ब्यवस्था पाया गया।
उन्होंने बताया कि प्राचार्य द्वारा स्मार्ट क्लास में कंप्यूटरीकृत शिक्षा में बिजली की समस्या के कारण व्यवधान आने की बात बताई जा रही है। जिसे जल्द ही ठीक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राज्य में विद्यालय के उन्मुखीकरण के लिए हमेशा ही नए कार्यक्रम व योजनायें बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के प्राचार्य को सरकार के 40 पन्नो के गाइड लाइन के अनुसार शिक्षा देने का निर्देश दिया गया है और सरकार विद्यालय का परफॉर्मेंस देखना चाहती है। श्री सिंह ने कहा कि 22 तारीख को जिला मुख्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित की गई है। जिसमें जिले के सभी वरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड के बीईईओ, बीपीओ, बीआरसी आदि को बुलाया गया है।
इस कार्यक्रम में सभी प्रखण्डों में शिक्षा की गुणवत्ता सहित अन्य कई बिंदुओं पर समीक्षा की जाएगी।
मौके पर बीईईओ कौसर रजा, बीपीओ विभा रानी कुजूर, प्राचार्य अनीस अहमद सहित कई अन्य शिक्षक उपस्थित थे।