मझिआंव : थाना क्षेत्र के बूढ़ीखांड़ गांव में महुआ बंटवारा को लेकर दो भाइयों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें स्व. रामनाथ यादव के पुत्र महेंद्र यादव एवं उसकी मां सुनरकालिया देवी घायल हो गए। घायलावस्था में महेंद्र यादव ने थाना पहुंचकर अपने बड़े भाई विनोद यादव, भाभी दया देवी एवं भतीजा छोटू यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाना में लिखित आवेदन दिया है। इसके पश्चात थाना प्रभारी आकाश कुमार ने इंजुरी देकर रेफरल अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में घायल महेंद्र यादव ने बताया कि महुआ चुनकर घर में लाने के बाद बड़ा भाई उसको दो हिस्सा में बांट रहा था। तो मैंने बोला की एक हिस्सा मां का भी बंटवारा कर दीजिए।
इतने में मेरा बड़ा भाई विनोद यादव, उनकी पत्नी दया देवी, पुत्र छोटू यादव, पुत्री किरण कुमारी एवं कविता कुमारी ने मिलकर टांगी एवम कुदाल से वार कर दिया। जिसमें मेरा माथा फट गया। सभी लोगो ने मां को भी मारा जिसमे वह भी घायल हो गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी आकाश कुमार ने बताया कि घायल के द्वारा आवेदन देने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।