बंशीधर नगर :
भवनाथपुर प्रखंड के अधौरा गांव स्थित करतल पीठ मांडर महारानी धाम के परिक्रमा पथ की ढलाई कार्य गुरुवार को जन सहयोग से पूरा किया गया।
परिक्रमा पथ की ढलाई कार्य का शुभारंभ धाम के बैगा महेंद्र सिंह, मंदिर निर्माण कमेटी के अध्यक्ष रामनाथ साह, बीरबल साह आदि ने मांडर महारानी की विधिवत पूजन-अर्चन व नारियल फोड़कर किया। बताते चलें कि मांडर महारानी के पुराने मंदिर के स्थान पर जन सहयोग से भव्य मंदिर का निर्माण किया गया है। मंदिर का निर्माण कार्य महाराष्ट्र के कुशल कारीगरों के द्वारा किया गया है। यह मंदिर अधौरा, पंडरिया, सरईया, चपरी सहित आसपास के कई गांव के लोगों के लिए श्रद्धा व आस्था का केंद्र है। लोगों का मानना है कि यहां सच्चे मन से जो भी भक्त मन्नत मांगता है उसे माता रानी अवश्य पूरा करती हैं।
चैत्र नवरात्र में यहां भव्य मेला लगता है तथा दूर दराज से बड़ी संख्या में भक्तगण दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। कमेटी अध्यक्ष रामनाथ साह, बीरबल साह, नागेंद्र यादव, उमेश्वर साह आदि ने बताया कि चैत्र नवरात्र में लगने वाले मेला के मद्देनजर मंदिर का रंग रोगन व परिक्रमा पथ की ढलाई कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। ताकि नवरात्र में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालु भक्तों को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो। परिक्रमा पथ की ढलाई कार्य में आसपास के गांव के बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तगण श्रमदान किए। इस अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से महा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजनों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।