गढ़वा : कांडी थाना क्षेत्र के पतीला गांव में सोमवार को भूमि विवाद को लेकर मारपीट की घटना में एक पक्ष की दो महिलाएं समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में निजामुद्दीन अंसारी पिता सत्तार अंसारी, उसकी पत्नी रोजन बीबी एवं मोबारक अंसारी की पत्नी नसीबुन बीबी शामिल हैं। तीनों घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार निजामुद्दीन अंसारी के पड़ोसी शकूर मियां एवं उसके स्वजनों ने सार्वजनिक रास्ते पर कांट का घोरान कर दिया। इससे निजामुद्दीन अंसारी को आटो लेकर आने जाने में परेशानी होने लगी। इसे लेकर जब निजामुद्दीन अंसारी ने शकूर मियां को रास्ते पर से घोरान हटा लेने को कहा तो दोनों पक्ष में नोंकझोंक होते होते मारपीट की घटना घटित हो गई।
इस घटना में शकूर मियां, तेज मोहम्मद अंसारी उर्फ नक्कु, जैनब बीबी पति तेज मोहम्मद अंसारी एवं झामू अंसारी ने मिलकर निजामुद्दीन अंसारी एवं उसके परिवार वालों को पीटकर गंभीर रुप से घायल कर दिया।