खरौंधी :
प्रखंड के कूपा पंचायत के चौरिया में शुक्रवार को "आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ बीडीओ रविंद्र कुमार, सीओ सुनील कुमार, बिससूत्री अध्यक्ष राजेश रजक,विधायक प्रतिनिधि विनोद चौधरी, मुखिया प्रमोद राम तथा बीड़ीसी पूर्णिमा देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में पंचायत के लोगों की विभिन्न समस्याओं के निदान के लिये अलग-अलग स्टॉल लगाकर आवेदन लिया जा रहा था। जिसमें अंचल, बाल विकास परियोजना, शिक्षा विभाग, पेंशन, कल्याण, अबुआ आवास, स्वास्थ्य विभाग, पशु पालन, बिजली विभाग, जेएसएलपीएस, कृषि, श्रम, भूमि सुधार, पेयजल विभाग, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना सहित कई विभाग के अलग अलग स्टॉल लगाए गये थे।
20 सूत्री अध्यक्ष राजेश कुमार रजक ने लोगों से कहा राज्य सरकार ने प्रखंड के सभी पंचायतो में "आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। ताकि इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार के जन उपयोगी योजनाओं को लोगो तक पहुंचाते हुए लोगो को उसका लाभ देना है। साथ इस कार्यक्रम में आए समस्याओं का समाधान करना भी है। साथ ही कहा सरकार की महत्वकांक्षी योजना में से एक सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना तथा अबुआ आवास है। इसके अलावे ग्रामीणों को मनरेगा योजना, पशुपालन, बिजली विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि, भूमि सुधार, पेयजल, कल्याण, राशन कार्ड, पेंशन, बाल विकास आदि योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ लेने की अपील किया है।
साथ ही ग्रामीणों को शिविर में लगाये गये विभिन्न विभागों के स्टॉल से लाभ लेने के लिए आग्रह किया।
क्या कहते है ग्रामीण
कार्यक्रम में आवेदन देने पहुंचे वृद्ध ग्रामीण नेहाल चंद राम, मनु चौधरी ने बताया कई साल से आवास के लिए मुखिया, ब्लॉक का चक्कर लगा रहे है। जब से राज्य सरकार "सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम का आयोजन कर रही है तब से आवेदन दिए लेकिन आवास नही मिला। लोग इसमें आवेदन सिर्फ करते है पदाधिकारी की लापरवाही से लोगो का काम नहीं होता है। इसके नाम पर सिर्फ खाना पूर्ति की जाती है। वही आवास के लिए आवेदन देने आए दिव्यांग हरिचरण यादव तथा दिव्यांग इंद्रदेव साह ने भी ऐसा ही कहा।
''आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम में ग्रामीणों की नही है रुचि
कूपा पंचायत के चौरिया में लगे आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों की रुचि नहीं देखी जा रही है।
ग्रामीण इसे सिर्फ छलावा बता रहे हैं, ग्रामीणों ने कहा कि हम सभी लोग कार्यक्रम में तो आए हैं आवेदन भी दिए हैं इससे पूर्व में भी आवेदन दिए थे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई सिर्फ सरकार के खाना पूर्ति की जा रही है ताकि लोगों को बेवकूफ बनाया जा सके। ग्रामीण कार्यक्रम में स्थल पर रुक नहीं रहे हैं सिर्फ आवेदन देकर अपनी खानापूर्ति करते हुए चले जा रहे हैं जिससे साफ झलकता है कि इस कार्यक्रम से कोई रुचि ग्रामीणों के द्वारा नही लिया जा रहा है।
कार्यक्रम में अबुआ आवास योजना के लिये सबसे अधिक 925 आवेदन प्राप्त हुये। वही सभी विभाग को मिलाकर कुल 2346 आवेदन प्राप्त हुये।
इस दौरान पूर्व मुखिया शिवकुमार यादव, नाजिर संजय सक्सेना,सीआई मोजिब खान, कर्मचारी अजमेरी अंसारी, बीपीओ कमलेश पासवान, रोजगार सेवक गुलाब पासवान, आनंद गुप्ता, पंचायत सचिव उमेश राम, विनोद पासवान जेएसएलपीएस बीपीएम मोनिका कुमारी, लेखपाल अशानंदन राम, पंचायत, ऑपरेटर मनीष कुमार, सचेत कुमार, बीटीएम संतोष कुमार आदि सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।