बंशीधर नगर : वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को प्रखंड के तीनों इंटर कॉलेजों के शिक्षक व कर्मी शैक्षणिक हड़ताल पर रहे। इस दौरान शंकर प्रताप देव इंटर कालेज के शिक्षक व कर्मी कॉलेज में ताला बंद कर मुख्य गेट पर वित्त रहित शिक्षा नीति को समाप्त न करने वाले पदाधिकारी का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी किए।
शैक्षणिक हड़ताल पर एसपीडी इंटर कॉलेज, ठाकुर दयाल देव माणिक राज इंटर कॉलेज व मां नगीना शाही महिला इंटर कॉलेज के शिक्षक व कर्मचारी रहे। इस दौरान तीनों कॉलेज में पूरे दिन ताला लटका रहा, शिक्षण कार्य नहीं हुआ। शैक्षणिक हड़ताल वित्त रहित शिक्षण संस्थानों मे कार्यरत शिक्षक व कर्मियों को राज्य कर्मी का दर्जा देने और अनुदान के लिए विभागीय प्रस्ताव पर मंत्री के अनुमोदन के बाद भी अभिलेख विधि विभाग, वित्त विभाग और मंत्रिपरिषद में अनुमोदन नहीं होने को लेकर किया गया।
एसपीडी इंटर कॉलेज के प्राचार्य राजू प्रसाद राज, टीडीएम इंटर कॉलेज के प्राचार्य धनंजय कुमार सिंह व मां नगीना शाही महिला कॉलेज के प्राचार्या सविता कुमारी ने कहा कि डिग्री कॉलेज के लिए चौगुना अनुदान के प्रस्ताव पर मंत्री परिषद की सहमति के बाद अधिसूचना जारी हो गई। पर इंटर कॉलेज के चौगुना अनुदान के प्रस्ताव को ग्रेडिंग के नाम पर विगत 4 - 5 माह से विभाग के अधीनस्थ पदाधिकारी रोक कर रखे हुए हैं। अनुदान अधिनियम 2004 में ग्रेडिंग का कोई प्रावधान नहीं है, फिर भी ग्रेडिंग का पेच फंसाया जा रहा है। शैक्षणिक हड़ताल के कारण इंटर कॉलेज में ताला लटका रहा। हड़ताल में सत्येंद्र पांडेय, दिनेश कुमार सिंह, इंदु शेखर पांडेय, परवेज, अरविंद गुप्ता, विवेक विभूति, पूजा सिंह, अश्विनी चौबे, राम व्यास पांडेय, पंकज चतुर्वेदी, दीनानाथ पांडेय, भरदुल ठाकुर, अविनाश कुमार, बबीता कुमारी, आशा कुमारी, अशोक कुमर वरुण कुमार पांडेय, आशीष शुक्ला, विवेक सिंह, अमित कुमार सिंह, राम पवन राम, विकास कुमार देव, भीष्म नारायण सिंह, अमरेश कुमार यादव, नवनीत कुमार सिंह सहित तीनों इंटर कॉलेज के सभी कर्मी शामिल थे।