भवनाथपुर : प्रखंड प्रमुख शोभा देवी व उप प्रमुख पिंटू टोप्पो ने शुक्रवार को भवनाथपुर ढेकुलिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख ने विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्था, छात्राओं को नास्ते में दी गई बासी रोटी देख तथा किचन की इर्द गिर्द लगी गंदगी देख विफर पड़ी।

उन्होंने विद्यालय के लेखापाल विनय गुप्ता को फटकार लगाते हुए किचन और इसके आस पास लगे गंदगी को अविलंब साफ सफाई कराने का निर्देश दिया। इस दौरान छात्राओं ने विद्यालय की कमियों को प्रमुख के समक्ष उजागर करते हुए बताया कि रसोईया के रहते हुए भी हम बच्चियों से रोटी बनाने हेतु आटा गुंथवाया जाता है, साथ ही हमलोगो को कभी मेन्यू के हिसाब से विद्यालय में भोजन भी नही मिल रहा है।
इस पर प्रमुख ने उपस्थित प्रभारी वार्डेन पूनम कुमारी से जब भोजन में मिलने वाली मेन्यू दिखाने की मांग की तो वह मेन्यू नही दिखा सकी। वहीँ रसोईया ने बताया कि बच्चियों को पौष्टिक आहार नही मिल रहा है, पिछले एक वर्ष से चिकेन और मछली भी बंद कर दिया गया है। विद्यालय के किचन और इसके इर्द गिर्द गंदगी की अंबार देख कहा कि इससे अच्छा तो होटल भी साफ रहता है। इस तरह की बदबूदार गंदगी से डायरिया भी फैल सकती है। नास्ते में छात्राओं को मिलने वाली बासी रोटी देख प्रमुख ने कहा कि वार्डेन विद्यालय के बच्चियों की स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दास्त नही किया जा सकता। प्रमुख शोभा देवी ने कहा कि इस विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र लिख इस मामले से अवगत कराने के साथ ही शिक्षिकाओं और लेखपाल की वेतन बंद करने संबंधी पत्र लिखा जायेगा।