भवनाथपुर : थाना क्षेत्र के गड़ेरियाडीह टोला स्थित रजदहवा नदी के समीप विशालकाय बरगद के पेड़ पर पति से झगड़ा करके चढ़ी महिला को थाने की पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद नीचे उतरवाया,बाद में महिला को थाने लाकर कागजी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना गुरुवार की सुबह दस बजे की है।
घटना के बारे में बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के सिंघीताली निवासी परमेश्वर भुईंया और उसकी पत्नी शवंती देवी के बीच में गुरुवार की अहले सुबह में किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया था,जिससे आक्रोशित होकर शवंती देवी ने घर से करीब एक किमी दूरी स्थित गड़ेरियाडीह टोला स्थित रजदहवा नदी के समीप विशालकाय बरगद के पेड़ पर चढ़ गई।
जिसे देखकर वहां सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों के लाख प्रयास के बाद उक्त महिला पेड़ से उतरने को तैयार नहीं हुई,तब जाकर इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी गई। सूचना पर सबदलबल के साथ थाना के एएसआई रबुल अंसारी और प्रभु मेहता पहुंचकर महिला को उतरने के लिए बोला फिर भी महिला पेड़ से नहीं उतरी। जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से बांस के जुगाड़ लगाकर महिला को पेड़ उतारा गया। फिर थाना लाकर समझा-बुझाकर कागजी प्रक्रिया के पश्चात महिला को परिजन अनुज भुईंया को सौंप दिया गया।