:
शहर में सक्रिय है मोबाइल चोर गैंग, पुलिस को संदिग्धों पर नजर रखने की जरूरत..
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा):-- सावधान! शहर में इन दिनों मोबाइल चोर सक्रिय हैं। सावधान नहीं हुए तो आपके भी मोबाइल उड़ा ले जा सकता है। शहर में इन दिनों चोर बाजारों में मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। आम दिन हो या सप्ताहिक बाजार में मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को इन सक्रिय चोरों ने सब्जी बाजार में दो-तीन लोगों की मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। यह सिलसिला आजकल का नहीं बल्कि पिछले कई महीनों से लगातार सब्जी बाजारों में ऐसी घटनाएं सामने आ रही है। इन वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को सब्जी बाजारों में गश्त कर संदिग्धों पर नजर बनानी होगी।
क्योंकि इन सक्रिय चोरों के गैंग आए दिन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार को पीड़ित ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर मोबाइल चोरी की घटना की शिकायत कर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। घटना के संबंध में पीड़ित नगर उंटारी थाना क्षेत्र के भैंसवेढवा गांव निवासी ललन सिंह पिता बलदेव सिंह ने बताया कि वे अपने घर से नगर उंटारी सब्जी बाजार में सब्जी लेने आए थे। सब्जी लेने के क्रम में सक्रिय चोरों ने पॉकेट में रखे रेडमी कंपनी का मोबाइल को हाथ साफ कर लिया। सब्जी लेने के बाद पॉकेट से जब पैसा निकालने लगे तो मोबाइल गायब था। उन्होंने खोजबीन के काफी प्रयास भी किए लेकिन कहीं पता नहीं चला।
क्या कहते हैं लोग..
शहर के सब्जी बाजार में लोगों ने बताया कि पिछले कई महीनों से सक्रिय चोरों का गैंग सब्जी बाजार में आकर लोगों के पॉकेट से मोबाइल हाथ साफ कर रहे हैं।
सब्जी बाजार में पुलिस घटना होने और संदिग्धों पर नजर न रख पाने की वजह से इन घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। पुलिस को इस तरफ ध्यान देना चाहिए, तथा सब्जी बाजार में संदिग्ध लोगों की तलाश भी करनी चाहिए ताकि मोबाइल चोरी की वारदातों पर लगाम लगाई जा सके।
कुत्ते को बचाने के क्रम में टेंपो अनियंत्रित होकर पलटी, तीन घायल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) :-- नगर उंटारी-बिशनपुरा मुख्य मार्ग पर भोजपुर गांव में मंगलवार को टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में टेंपो पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जिसकी मदद से तीनों घायलों को स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां चिकित्सक ने तीनों घायलों के प्राथमिक उपचार के बाद इस स्थिति में सुधार बताया है। घायल होने वालों में मझिआंव थाना क्षेत्र के सनपुरवा गांव निवासी नागेश्वरी कुंवर (70वर्ष) नेहा कुमारी (5वर्ष) एवं साजो देवी (23वर्ष) का नाम शामिल है। घटना के विषय में जानकारी देते हुए घायलों ने बताया कि वे सभी खरौंधी से मझिआंव थाना क्षेत्र के सनपुरवा गांव जा रहे थे। इसी क्रम में भोजपुर गांव के निकट कुत्ते को बचाने के क्रम में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे टेंपो पर सवार तीन लोग घायल हो गए। जबकि चालक बाल-बाल बच गया।
मेराल मुख्यालय से सोमवार को माता वैष्णो देवी की तीर्थ यात्रा पर देवी धाम संचालन समिति के अध्यक्ष संजय भगत ने 14 श्रद्धालुओं के साथ रवाना हुए।
सभी तीर्थ यात्रियों को प्रबुद्ध लोग एवं मेराल पत्रकार द्वारा गढ़वा रोड स्टेशन से गरीब रथ पर चढ़ा कर रवाना किया गया। तीर्थ यात्रा के संबंध में संजय भगत ने बताया कि अपने परिवार के साथ साथ गांव समाज तथा जिला वासियों के सुख शांति एवं समृद्धि की कामना लिए हम सभी माता वैष्णो देवी के साथ-साथ हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित नव दुर्गा का दर्शन पूजन के के लिए निकले है। इसके बाद अमृतसर गोल्डन टेंपल एवं हरिद्वार का भ्रमण करेंगे। तीर्थ यात्रियों में गोंदा देवी धाम निर्माण समिति के अध्यक्ष शशिकांत उर्फ शंभू दुबे, समाजसेवी अजय प्रसाद गुप्ता, गोंदा के बीडीसी कृष्णा प्रसाद, मेराल देवी धाम संचालन समिति के कोषाध्यक्ष मनोज जयसवाल, संरक्षक विनोद प्रसाद उर्फ लाला अपने परिवार के साथ शामिल हैं।