गढ़वा :
रमकंडा में ढाई करोड़ की लागत से होगा पुल का निर्माण
कई गावों की 15 हजार से अधिक की आबादी होगी लाभान्वित
गढ़वा : जिले के रमकंडा प्रखंड के सड़काही नदी पर करीब ढाई करोड़ की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। इस पुल के निर्माण से लगभग आधा दर्जन गांव की 15 हजार से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी। ग्रामीण कार्य विभाग झारखंड सरकार ने इसकी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
जानकारी देते हुए गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल गढ़वा 2 के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत जिले के रमकंडा प्रखंड में बलीगढ़ पंचायत के ग्राम कुशवार में सड़काही नदी पर दो करोड़ , 45 लाख, 31 हजार, एक सौ रुपए की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा।
इसकी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। शीघ्र ही टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि इस पुल के निर्माण से बलीगढ़ पंचायत का कुशवार, गोबरदाहा, बिराजपुर पंचायत का बैरिया, तेतरडीह होते हुए गोदरमाना, होमिया तक की सड़क जुड़ जाएगी। इसके निर्माण से लगभग 15 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि इस पुल का निर्माण इस क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीण इसके निर्माण की मांग कर रहे थे। बरसात के मौसम में इन गांवों के लोगों को काफी लंबी दूरी तय कर गोदरमाना आदि क्षेत्रों में जाना पड़ता था। इसके निर्माण से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि पूरे गढ़वा में जहां कहीं भी छोटी से लेकर बड़ी समस्या है, उसे चिन्हित कर दूर किया जा रहा है। एक-एक कर अब सारी समस्याओं का निदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से इस क्षेत्र के ग्रामीण बगैर पुल के ही आवागमन कर रहे थे। परंतु इनकी परेशानी को किसी भी जनप्रतिनिधि ने समझने का प्रयास नहीं किया। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि गढ़वा में पहले विकास के नाम पर सिर्फ राजनीति और छलावा होता था, परंतु अब गढ़वा में सिर्फ और सिर्फ सही मायने में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे गढ़वा की सभी बड़ी, छोटी समस्याओं को चिन्हित कर दूर करने का कार्य किया जा रहा है।