गढ़वा : शराब के नशे में धुत होकर दंपती ने आपस में नोंकझोंक कर आत्महत्या कर लिया। घटना डंडई थाना क्षेत्र के डंडई गांव के बैगा टोला में बुधवार को घटित हुआ है। मृतकों में बैगा टोला निवासी बिहारी बैगा 60 वर्ष पिता स्व.भुवनेश्वर बैगा एवं उसकी पत्नी लछमिनियां देवी 55 वर्ष शामिल हैं। दंपती को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बिहारी बैगा व उसकी पत्नी लछमिनियां देवी अपने एकलौते पुत्र मनोज परहिया से अलग रहता था। बुधवार की सुबह करीब 10 बजे बिहारी व लछमिनियां ने अपने घर में ही शराब पी लिया था। इसके बाद दोनों आपस में नोंकझोंक कर रहे थे। इस बीच बिहारी बैगा ने गुस्से में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया।
इसे देखकर लछमिनियां देवी ने भी जहरीला पदार्थ खाकर एक चारपाई पर लेट गई। इस संबंध में मृतक की पतोहू कमलावती देवी पति मनोज परहिया ने बताया कि दोपहर में वह खेत पर से काम कर घर लौटी थी। तब उसके बच्चों ने उसे बताया कि दादा व दादी चुपचाप सो रहे हैं। उसने बताया कि जब वह उन्हें देखने के लिए गई तो बिहारी परहिया व लछमिनियां देवी के मुंह से फेन-गाज निकल रहा था। इसके बाद एक वाहन से उनदोनों को सदर अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान ही दंपती की मौत हो गई। इधर, इस घटना की जानकारी मिलने पर गढ़वा थाना पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर बिहारी बैगा व लछमिनियां देवी के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुट गई है।