गढ़वा :
दर्शन
पूज्यपाद श्री लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी जी के चातुर्मास व्रत में प्रतिदिन देश के विभिन्न राज्यों से विभिन्न संत महात्माओं का आगमन हो रहा है। शनिवार को गुजरात के बलसांड जिलान्तर्गत श्रीसीताराम आश्रम से के महंथ श्री स्वामी समर्थ श्रीरामदास जी महाराज, मौनी बाबा नागा प्रयाग गिरी जी महराज एवं सोनभद्र के गुप्त काशी सेवा ट्रस्ट के संस्थापक रवि प्रकाश चौबे पूज्यपाद श्री जीयर स्वामी जी का दर्शन करने पहुंचे। बाहर से पहुंचे संतो ने पूज्यपाद स्वामी जी से आशीर्वचन प्राप्त किया। ततपश्चात सभी ने श्री बंशीधर भगवान का दर्शन पूजन भी किया। श्री बंशीधर मन्दिर के प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव ने सभी संतो को भगवान श्री बंशीधर जी का तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
प्रवचन
अमर्यादित लोगों की सलाह सदैव दुःखदायी :-जीयर स्वामी।
भारतीय संस्कृति में सबको मिला है। संत, शास्त्र और सत्पुरुषों द्वारा किसी समस्या का समाधान होने पर समाज एवं राष्ट्र का कल्याण होता है, जबकि अमर्यादित लोगों के दखल व्यवधान पैदा करता है। हम जब किसी कार्य के प्रति संकल्प करते हैं, तो हमारे सद्प्रयास और समर्पण के बाद परमात्मा सत् संकल्प के साथ हमारे अरमान को पूरा कर देते हैं। पाखंडियों के मार्ग पर चलने एवं उनके गलत कायों के प्रति आसक्ति से जीवन में संकट आता है। श्री जीयर स्वामी ने भागवत की महत्ता दर्शाते हुए कहा कि सत्कर्म का मतलब ज्ञान होता है। ज्ञान से मुक्ति होती है। ज्ञान भागवत कथा को ही बताया गया है।
जो कार्य भागवत कथा करेगा, वह वेद नहीं कर सकता। भागवत, भगवान की वाणी है और वेद श्वांस है। वैष्णव धर्म में भागवत पुराण को 'पंचम वेद' माना गया है। भागवत पुराण भक्ति–प्रधान ग्रन्थ है। भक्ति के अधीन ही ज्ञान-विज्ञान और सत्कर्म हैं। भक्ति स्वतंत्र है; यह किसी अन्य मार्ग पर निर्भर नहीं करती। तुलसी बाबा कहते हैं 'भक्ति सुतंत्र सकल सुख खानी' पुनश्च सो सुतंत्र अवलंब न आना, तेहि अधीन ग्यान-विग्याना।' उनका निश्चित मत है कि भले ही पानी को मथने से घी उत्पन्न हो जाए, बालू को पेरने से तेल निकल आवे लेकिन परमात्मा के भजन (भक्ति) बिना संसार-सागर को पार करना असंभव है। “बारि मथी घृत होई बरू, सिकता ते बरू तेल । बिनु हरि भजन न भव तरिअ यह सिद्धांत अपेल ।
।" स्वामी जी ने कहा कि वेद की बातों को तोड़-मरोड़कर पेश नहीं किया जाना चाहिए। भागवत के अधिकारी सभी हैं, लेकिन वेद के अधिकारी वैदिक तरीका से जीवन यापन करने वाले ही हैं। उन्होंने कहा कि पूस और चैत माह में कामनायुक्त भागवत कथा का श्रवण नहीं करनी चाहिए। कामना रहित भागवत कथा श्रवण में दोष नहीं है। भागवत कथा श्रवण से हरि चित में चिपक जाते हैं। जो बहुत दिनों के योग-तपस्या एवं समाधि से प्राप्त नहीं होता, वह कलियुग में भागवत कथा श्रवण मात्र से होता है।

मुआयना
हाई स्कूल के प्रांगण में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा दीवारों पर शिक्षकों के लिए अश्लील शब्द लिखने तथा बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ किया गया।
विद्यालय खुलने के बाद प्रधानाध्यापक लालता पटेल तथा शिक्षकों की नजर जब इस पर पड़ी तो लोगों ने इसकी सूचना आसपास के लोगों के साथ-साथ मेराल पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी नीतीश कुमार हाई स्कूल पहुंच मामले की जानकारी ली। गौरतलब हो कि असामाजिक तत्व द्वारा विद्यालय के दीवार पर कई जगह प्रधानाध्यापक के नाम गाली गलौज लिख दिया था, इतना ही नहीं बाबा साहब की प्रतिमा के चेहरे पर उजला पेंट लगा दिया गया था जिसे तुरंत ठीक कराया गया। प्रधानाध्यापक लालता पटेल द्वारा लिखित सूचना थाना प्रभारी को दी गई। मेराल व्यवसायिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष नवीन प्रसाद जायसवाल बसपा नेता रामकेश राम इत्यादि ने थाना प्रभारी से मिलकर असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने तथा भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए निगाह रखने की मांग की।
थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने मामले की जानकारी लेने के बाद लोगों को आश्वस्त किया की असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रखी जाएगी तथा दोषियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
घायल
गढ़वा मझिआव मुख्य सड़क पर हारण दुबे पहाड़ी के पास गढ़वा से मझिआंव की ओर जा रहा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार लोग जख्मी हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों को आसपास के लोगों ने सहयोग कर तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा। इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मेराल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तब तक सभी घायलों को अस्पताल भेजा जा चुका था। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में किया जा रहा है।
मांग
थाना क्षेत्र के बुका गांव के महिलाओं ने थाना में आवेदन देकर ग्रुप लीडर द्वारा लाखो रुपये ऋण निकाल कर गबन कर फरार हो जाने को लेकर कारवाई की मांग की है। महिलाओं ने बताया कि हमलोग विकास हेतु रोजगार के लिए समूह के माध्यम से विभिन्न माइक्रो फाइनेंस से ऋण लेकर के रोजी रोटी चलाते थे। लेकिन कुछ दिन के पश्चात समूह के लीडर ललिता देवी पति जितेंद्र यादव के द्वारा विभिन्न माइक्रो फाइनेंस कंपनी समस्ता, सेटिंग, बंधन, आरोहन, आर बी एल, प्रयत्न, स्वतंत्र, भारत, सिन्दुजा, सुगनिया, चैतन्य, उत्कष, सत्या, ईसा, सूर्य ज्योति, कैप्टल माइक्रो फाइनेंस से 39 महिलाओं से 55 लाख 70 हजार रुपए माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी के मिलीभगत से फर्जी तरीके से सुकृत करा कर सी एस पी में अंगूठा लगवा कर पैसा निकल वाया और पैसा लेकर फरार हो गया।
इस कार्य मे गांव के ही उसके साथ चंद्रवती देवी पति जगरधन पासवान भी सामिल है। महिलाओं ने कहा है कि ललिता देवी एक शातिर एवं चालाक महिला है और हम सभी महिलाएं अनपढ़ है हमलोग के नाम पर लोन स्वीकृति करा कर ज्यादा पैसा निकासी कर मात्र हमलोग को ललिता देवी द्वारा दो दो हजार रुपये दिया गया उसने बताता की हमलोग के नाम पर दो दो हजार रुपए लोन सुकृति हुआ है किंतु कुछ दिन के पश्चात जब फाइनेंस कंपनी के पदाधिकारियों द्वारा ऋण वसूली के क्रम में हमलोगों को जानकारी हुआ कि हमलोग के नाम पर 20 हजार से 75 हजार तक रुपये का लोन लिया गया है।

तैयारी
आगामी 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर भवनाथपुर के सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों तैयारी प्रारम्भ है जिसमे टाउनशिप शिशु विद्या मंदिर ,डीएवी सेल ,सभी सरकारी विद्यालयों में व प्रखंड कार्यालय में सफल आयोजन हेतु आयुष चिकित्सा पदाधिकारी शशिकांत शुक्ला, योग प्रशिक्षक शंकर प्रिय राम चंद्रवंशी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो एवं सभी कर्मियों की उपस्थिति में नवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने हेतु प्रचार प्रसार के क्रम में योग,प्राणायाम,आसन का संक्षिप्त परिचय देते हुए इसके शारीरिक, मानसिक,बौद्धिक लाभ के बारे में सभी को जानकारी दी।
बीडीओ जयपाल महतो ने इस कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग की बात कहते हुए भवनाथपुर वासियों को स्वस्थ रहने के लिए नियमित सुबह - शाम योग,प्राणायाम,आसन करने की बात कही। अंत में आयुष डा शशिकांत शुक्ला ने कहा भवनाथपुर वासियों के स्वास्थ्य लाभ हेतु केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से ब्लॉक परिसर में हीं आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर अंतर्गत राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय खुला है। कोई भी बीमारी होने पर आप वहां आकर इसका आयुर्वेदिक दवा का लाभ उठाएं।
सालगिरह
पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री तथा स्थानीय विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर के 19 वीं शादी सालगिरह को झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए सालगिरह की केक काटी तथा करीब दो दर्जन गरीब असहाय लोगों के बीच धोती साड़ी का वितरण किया गया।
वरिष्ठ झामुमो नेता मिथिलेश कुमार देव के नेतृत्व मे मंत्री श्री ठाकुर के 19वीं सालगिरह के अवसर पर मेराल के स्वर्गीय विमला देवी स्मृति भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं नेता शामिल हुए। इस अवसर पर सभी लोगों ने सामूहिक रूप से मंत्री श्री ठाकुर के विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में सहयोग करने के साथ-साथ हर एक व्यक्ति तक ईसकी जानकारी उपलब्ध कराने की संकल्प ली। इस अवसर पर लोगों ने मंत्री के सुखद दांपत्य जीवन के लिए ईश्वर से कामना करते हुए केक काटकर खुशियां मनाई गई।मौके पर करीब 2 दर्जन गरीब असहाय लोगों के बीच धोती साड़ी का वितरण किया गया। मिथिलेश कुमार देव, प्रखंड अध्यक्ष दशरथ प्रसाद, कोषाध्यक्ष विनोद प्रसाद इत्यादि ने कहा कि मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर मेराल तथा गढ़वा जिले में विकास की गंगा बहा रहे हैं, आजादी के बाद आज तक किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा इतना विकास कार्य नहीं कराया गया जितना इन्होंने अपने 3 वर्ष के कार्यकाल में किया है।
इस अवसर पर बिरझन राम,अशोक राम, 20 सूत्री के प्रखंड अध्यक्ष शंभू प्रसाद संतोष कुमार सुमन मुखिया मनदीप सिंह, जनार्दन चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।