रमना(गढ़वा) : सत्र 2020 -21 के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना दिलाने के नाम पर बिचौलिया व दलाल सक्रिय हो गए हैं। प्रखंड कार्यालय से लेकर गांव तक प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर दलाल पैसा उगाही में लग गए हैं। भ्रष्टाचार का आलम यह है कि बिचौलिया व दलाल लोगों में यह भ्रम पैदा कर देते हैं कि बिना पैसे का आवास नहीं मिल पायेगा। सूची में नाम होने पर भी पैसा नहीं देने पर नाम कट जायेगा। जिसके कारण लोग आवास लेने के लिए इनके जाल में फंस जाते हैं।
इसकी सूचना प्रखंड प्रमुख मृत्युंजय कुमार सिंह को भी मिली है। जिसके बाद वे ऐसे बिचौलिया व दलाल को चिन्हित करने में लग गए हैं। प्रमुख ने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि प्रतीक्षा सूची के आधार पर ही प्रधानमंत्री आवास दिया जाना है।
जो बिल्कुल निशुल्क है और प्रतिक्षा सूची में नाम होने पर आवास हर हाल में मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रतीक्षा सूची के लाभुक किसी बिचौलिया के झांसे में नहीं फंसे और न ही किसी को पैसा दें और ऐसे लोगों की सूचना तत्काल मुझे दें, ताकि ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई किया जा सके।