बंशीधर नगर :
राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव में एमजी बंशीधर प्राइवेट लिमिटेड चंडीगढ़ की ओर से सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया।
इसमें वाहन चालकों को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार केशरी, पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार दास, एनएचएआई के वरीय सुरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह के द्वारा गुलाब का फूल और सड़क सुरक्षा के नियम से संबंधित हैंड बिल देकर जागरूक किया गया। बताते चलें कि एमजी बंशीधर प्राइवेट लिमिटेड चंडीगढ़ के द्वारा एनएचएआई द्वारा प्रस्तावित बाईपास सड़क का निर्माण किया जा रहा है। कंपनी की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। एसडीपीओ, थाने के पुलिस पदाधिकारी व एनएचएआई के वरीय सुरक्षा अधिकारी के द्वारा बाइक चालकों को माथे पर हेलमेट व पैर में जूता पहनकर तथा ड्राइविंग लाइसेंस व बाइक का कागजात लेकर ही यात्रा करने के प्रति जागरूक किया गया।
कहा कि यात्रा शुरू करने से पहले वाहन की ब्रेक, हेड लाइट, हार्न, टायर प्रेशर की जांच कर लें। हमेशा अपनी यात्रा की योजना बनाएं। दो पहिया वाहन पर चालक एवं सवारी दोनों हेलमेट पहनें, चार पहिया वाहन में आगे पीछे बैठे सभी यात्री सीट बेल्ट पहनें तथा यातायात नियमों का हमेशा पालन करें।
भवनाथपुर थाना ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत भवनाथपुर थाना पुलिस द्वारा थाना गेट एवं खरौंधी मोडके सामने पर लगातार दूसरे दिन जांच सह जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, ट्रिपल लोड बाइक चालक को थाना प्रभारी सहदेव साव द्वारा गांधीगिरी दिखाते हुए फूल माला पहनाकर भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
साथ ही चेतावनी भी दी गई। थाना प्रभारी सहदेव साव ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत लगातार दूसरा दिन थाना गेट के सामने चेकिंग सह जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया। हेलमेट नहीं पाने वाले का कभी चालान काटकर तो कभी फूल माला पहनाकर लोगों को गलती का एहसास कराया गया।
साथ ही चार पहिया वाहन चालक को हमेशा सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। चेकिंग अभियान में एएसआई अभिमनु सिंह, रामप्रसाद इंदवार,सहित पुलिस के जवान शामिल थे।