गढ़वा :
कृषि एवं कल्याण मंत्रालय भारत सरकार की अध्यक्षता में गठित इंटर मिनिस्ट्रियल सेंट्रल टीम (आईएमसीटी) समिति के द्वारा सुखाड़ का आकलन करने हेतु झारखंड परिभ्रमण के दौरान आज दिनांक- 12 जनवरी 2023 को गढ़वा पहुंची।
जिले के तीन पंचायत गढ़वा प्रखंड के कल्याणपुर, लोटो एवं मेराल प्रखंड अंतर्गत तीसरटेटूका पंचायत के कोटाम का निरीक्षण किया। सुखाड़ का आकलन करने पहुंची केंद्रीय टीम ने किसानों से बात कर सुखाड़ के नुकसान का जायजा लिया। उपरोक्त स्थलों पर पहुंचकर किसानों से वार्तालाप करते हुए खरीफ फसल के उत्पादन में पिछले वर्ष एवं वर्तमान वर्ष के बारे में पूछा। कृषकों ने बताया कि अल्पवृष्टि के कारण इस वर्ष सूखा का सामना करना पड़ा है।
स्थिति खराब हो गई है। कृषक सुखाड़ से निपटने के लिए चिंतित हैं। निरीक्षण के दौरान टीम ने किसानों द्वारा की जा रही खेती के तौर-तरीकों को समझा एवं उनकी समस्याओं को जाना। उक्त टीम में प्रमोद नारायण डायरेक्टर सीडब्ल्यूसी रांची, महेश कुमार डिप्टी डायरेक्टर एवं बृजमोहन सिंह असिस्टेंट डायरेक्टर (s&r) सेंट्रल ग्रीन एनालाइसीस लैबोरेट्री, केन्द्रीय स्तर के जबकि राज्य स्तर से 2 सदस्य असीम रंजन एक्का, उप निदेशक कृषि यांत्रिकी एवं मुकेश गागराई, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण उपस्थित थें। स्थिति का आकलन करते हुए टीम में शामिल असीम रंजन एक्का ने बताया कि सुखाड़ के कारण गढ़वा जिले की स्थिति बहुत खराब है। कृषि विभाग गढ़वा एवं जिले के कृषकों द्वारा दिया गया जानकारी सत्य है। किसानों के खरीफ फसल में काफी नुकसान हुआ है। इसकी जानकारी केंद्र को दी जाएगी।