बंशीधर नगर :
झारखंड प्रदेश आंगनवाड़ी वर्कर्स यूनियन के नगर उंटारी परियोजना इकाई की ओर से बुधवार को परियोजना कार्यालय पर 3 सूत्री मांगों के समर्थन में एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना के पश्चात मांग पत्र एसडीओ को सौंपा गया।
इसमें सीडीपीओ रीना साहू को स्थानांतरित करने, कोरगा की सेविका शीला देवी को बीएलओ कार्य से मुक्त करने एवं सेविका शीला देवी को चयन मुक्त करने की अनुशंसा वापस लेने का मांग शामिल है। यूनियन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बालमुकुंद सिन्हा ने कहा कि कोरगा आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका शीला देवी को गलत तरीके से चयन मुक्त करने की अनुशंसा सीडीपीओ के द्वारा किया गया है। सीडीपीओ की तानाशाही और दबाव यूनियन बर्दाश्त नहीं करेगा।
सेविका शीला देवी के द्वारा छुट्टी का आवेदन दिया गया है। बावजूद चयन मुक्त करने की अनुशंसा करना सरासर गलत है। सिर्फ नगर उंटारी परियोजना ही नहीं पूरे झारखंड प्रदेश की सेविकाएं बीएलओ का कार्य नहीं करेंगी। सेविकाएं सिर्फ आईपीडीएस का ही कार्य करेंगी। सेविका शीला देवी सीडीपीओ की तानाशाही की शिकार बनी है। यह कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरना की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कौशल्या देवी व संचालन प्रदेश संयोजक रामचंद्र पासवान ने किया। धरना को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बालमुकुंद सिन्हा, जिप सदस्य बाला रानी, झामुमो नेता मुक्तेश्वर पांडेय, इम्तियाज खान, गढ़वा परियोजना संयोजक शैलेंद्र पांडेय, डंडा प्रखंड अध्यक्ष देवंती देवी, कांडी परियोजना अध्यक्ष निभा देवी, धुरकी परियोजना अध्यक्ष रीता देवी आदि ने संबोधित किया। मौके पर करीब 200 सेविका, सहायिका उपस्थित थी।