गढ़वा :
गढ़वा थाना क्षेत्र के ओबरा गांव के बसंत सिंह के पुत्र विनय कुमार सिंह 33 वर्ष की ओडिसा के कोंदूझार जिले के रुबड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़बिल गांव के समीप सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। सोमवार को उसका शव घर लाया गया।
उसके शव के घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी व बच्चों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया। जानकारी के अनुसार विनय कुमार सिंह चालक था। वह 18 चक्का वाले ट्रेलर चलाता था। बताया गया कि छत्तीसगढ़ से ट्रेलर लेकर ओडिसा के बड़बिल गांव में 31 दिसंबर की शाम को पहुंचा था। वहीं अनियंत्रित होकर ट्रेलर ने पहले से वहां खड़े एक वाहन में टक्कर मार दिया। इस घटना में विनय कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद ट्रेलर मालिक ने उसके शव को ओबरा गांव भेजवाया। सोमवार को ही उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा चार पुत्रियां व डेढ़ वर्ष का एक पुत्र है। इस संबंध में बीडीसी नूरे आलम ने बताया कि विनय कुमार सिंह घर का अकेला कमाउ सदस्य था। उसकी मौत से उसके परिवार के समक्ष भरण पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है। मौके पर शंकर सिंह, शैलेंद्र सिंह, मुखिया प्रतिनिधि रामलगन राम समेत कई लोग उपस्थित थे।