गढ़वा : गढ़वा : पारिवारिक विवाद में जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में विगत 24 घंटे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने के चारों मामले परिवारिक विवाद के कारण ही घटित हुए हैं। उक्त सभी मरीजों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार श्रीबंशीधर नगर के पाल्हे कला गांव के दीपक राम की पुत्री सरस्वती कुमारी ने घरेलू कामकाज को लेकर बड़ी बहन से नोंकझोंक कर गुरुवार की रात में जहरीला पदार्थ खा गई। जबकि गुरुवार की रात दो बजे गढ़वा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के नावाडीह टोला निवासी नागेंद्र पासवान पिता स्व. अशोक पासवान ने शराब के नशे में धुत होकर पत्नी से झगड़ाकर पक्षी मारने के लिए रखे कीटनाशक को खा लिया।
वहीं आत्महत्या के प्रयास का तीसरा मामला रमना थाना क्षेत्र के परसवान गांव में शुक्रवार की दोपहर में घटित हुआ, जहां बालेश्वर मेहता की पत्नी आरती देवी ने पतोहू से झगड़ाकर कीटनाशक खा गई। जबकि शुक्रवार की दोपहर में ही श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नयाखांड़ निवासी संजय उरांव की पत्नी उषा कुमारी ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सदर अस्पताल में इलाजरत उषा कुमारी की हालत स्थिर बनी हुई है।