गढ़वा :
गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने शनिवार को विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्लबों को सहयोग राशि भी प्रदान किया। इस दौरान मंत्री ने दानरो नदी स्थित छठ घाट फ्रेंड्स क्लब, स्टूडेंट क्लब, टी ग्रुप, जागृति क्लब टंडवा, छठ सेवा समिति सहिजना, पुलिस लाइन स्थित छठ घाट आदि छठ घाटों का भ्रमण किया।
मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का बड़ा महापर्व है। गढ़वा में छठ महापर्व का आयोजन जितना भव्य एवं बेहतर तरीके से किया जाता है, इस तरह का आयोजन शायद ही देश के किसी क्षेत्र में होता होगा। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के लिए गढ़वा में विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित प्रत्येक लोग पुरी लगन एवं परिश्रम का साथ जुड़कर कार्य करते हैं।
सभी के अंदर इस महापर्व को अधिक से अधिक बेहतर आयोजन करने की लालसा होती है। लोग बढ़ चढ़ कर साफ, सफाई से लेकर प्रसाद वितरण आदि कार्यों में सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि छठी मैया का कृपा रहा तो लखनऊ गोमती रिवर फ्रंट के तर्ज पर दानरो नदी का विकास किया जाएगा। मंत्री ने छठी माता से गढ़वा की सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन में वे हमेशा गढ़वा वासियों के साथ खड़े हैं। अपनी क्षमता के अनुसार पुरी सहयोग करने को हमेशा तैयार हैं। मौके पर प्रवक्ता धीरज दुबे, अध्यक्ष तनवीर आलम, प्रतिनिधि कंचन साहू, जितेंद्र सिन्हा, मासूम रजा, उप विकास आयुक्त राजेश राय, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी अभियंता, विवेक सिंह, नवीन तिवारी, आयुष सिंह, टिंकू गुप्ता, फंटूश गुप्ता, विनोद जायसवाल सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।