चिनियां : चिनिया के मुखिया जहेरा बीबी के पति और झामुमो के केंद्रीय समिति के सदस्य अयूब मंसूरी के हत्याकांड के 5 दिन बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं किए जाने से चिनिया में जनाक्रोश भड़क गया है। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की कार्रवाई से असंतोष व्यक्त करते हुए आज सुबह 9:00 बजे से सड़क जाम कर दिया है।

सामाजिक कार्यकर्ता फरीद खान, जिला परिषद सदस्य बनारसी सिंह, प्रमुख सुनैना देवी, उपप्रमुख फारुख हसन तथा भुटो मंसूरी के नेतृत्व में आक्रोशित लोगों ने थाना मोड़ के सामने गढ़वा चिनिया मुख्य सड़क को जाम कर दिया है। सड़क जाम स्थल पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों को समझा-बुझाकर गिरफ्तारी के लिए 5 दिन और समय देने की थाना प्रभारी विरेंद्र हंसदा के मांग को आक्रोशित लोगों ने ठुकरा दिया है।
आक्रोशित लोगों का कहना है कि पुलिस ने 12 घंटे के अंदर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था बावजूद 5 दिन बीतने पर भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस इस मामले में जानबूझकर नजरअंदाज कर रही है ।आक्रोशित लोग ने सड़क जाम स्थल पर पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग करते हुए शर्त रखा है कि जब तक पुलिस अधीक्षक स्वयं आकर गिरफ्तारी का आश्वासन नहीं देंगे, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा।

सड़क जाम स्थल पर भारी संख्या में महिला पुरुष और युवक शामिल है। विदित हो कि विगत 5 दिन पूर्व अयूब मंसूरी की गोली मारकर हत्या कर दिया गया था। इस हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।