गढ़वा :
आयोजित शिविर में कार्यक्रम की शुरुआत जटा शंकर चौधरी आयुक्त, पलामू एवं उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमुद झा, प्रखंड प्रमुख विमला देवी एवं पंचायत के मुखिया शरीफ अंसारी तथा जेएमएम जिला अध्यक्ष तनवीर आलम, प्रवक्ता धीरज दुबे आदि ने सामूहिक रुप से दीप प्रज्वलित कर किया।

आयुक्त श्री चौधरी एवं उप विकास आयुक्त, श्री राय का स्वागत शिविर में ढोल नगाड़े एवं मांदर की थाप पर तथा स्कूली छात्राओं द्वारा स्वागत गीत गाकर किया गया एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। सर्वप्रथम पंचायत के मुखिया श्री अंसारी द्वारा मंचासीन सभी पदाधिकारियों एवं शिविर में आए सभी ग्रामीण जनता का शिविर में आने हेतु आभार व्यक्त किया गया तथा सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए योजनाओं से लाभान्वित होने हेतु आवेदन जमा करने की अपील की।
उप विकास आयुक्त श्री राय ने मंच से ग्रामीण जनता को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान सरकार आपके द्वार के तहत लाभ लेने की बात कही। उन्होंने बताया कि आज पुरुष एवं महिला बराबर हैं एवं समान रूप से देश, समाज एवं परिवार को सफल बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं

सरकार ने आम नागरिकों के लिए कई प्रकार की लोक कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं जिनसे लाभ लेते हुए अपने जीवन स्तर को सुधार सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति (महिला अथवा पुरुष) बेरोजगार हैं वे सरकार द्वारा चलाए जा रहे मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत आवश्यकता अनुसार ऋण लेकर रोजगार से जुड़ सकते हैं। छात्राओं की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रखने हेतु सरकार ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत सहायता राशि प्रदान करा रही है।
उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण की बात कही। आयुक्त, श्री चौधरी ने मंच से आम नागरिकों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा चलाए जा रहे सरकार आपके द्वार के कार्यक्रम की महता के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि बहुत से सुदूरवर्ती क्षेत्रों में योजनाओं की सही सही जानकारी नहीं होने एवं प्रचार-प्रसार व जनजागरूकता के अभाव में ग्रामीण जनता को सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं के बारे में पता नहीं चलता है एवं वे लाभ लेने से वंचित हो जाते हैं। उन्होंने शिविर में आए लोगों को अपने आवश्यकता अनुसार योजनाओं का चयन कर लाभ लेने हेतु लोगो को आवेदन संबंधित स्टॉल पर जमा करने को कहा। उन्होंने बताया कि सभी आवेदनों को http://sarkaraapkedwar.jharkhand.gov.in पर अपलोड कर निष्पादित किया जा रहा है, जिसकी अद्यतन स्थिति से आवेदक भी अवगत हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, सर्वजन पेंशन योजना, राशन कार्ड निर्माण, मुख्यमंत्री पशुधन योजना एवं ई-श्रम आदि अन्य लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर सशक्त हो सकते हैं। उनके द्वारा कार्यक्रम में आए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि "आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार" के कार्यक्रमों के पर्यवेक्षण हेतु उन्हें पलामू से गढ़वा आये हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में भी सरकार आपके द्वार जैसे कार्यक्रमों का आयोजन कराया गया है। इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। कार्यक्रम के अंतर्गत आवेदकों द्वारा किए गए आवेदन को अधिकाधिक निष्पादित किया गया है। उन्होंने मौके पर ही साबित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत लाभ पाने वाले छात्राओं से योजना के तहत मिलने वाले राशि का सदुपयोग करते हुए आगे की पढ़ाई जारी रखने की बात कही।
साथ ही उन्होंने संकल्प करने को कहा कि 18 वर्ष से पूर्व शादी नहीं करें। उन्होंने सरकार आपके द्वार के तहत चलाए जाने वाले कार्यक्रमों के महता के बारे में बताया एवं अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित होने हेतु कहा। उन्होंने कहा कि सभी को सरकारी नौकरी प्राप्त नहीं हो सकती है परंतु पढ़ाई लिखाई पूर्ण करते हुए इसे प्राप्त करने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि नौकरी नहीं मिलती है तो भी घबराने की कोई बात नहीं है सरकार द्वारा उनके जीविकोपार्जन के लिए मुख्यमंत्री रोजगार गारंटी अधिनियम एवं रोजगार सृजन जैसी योजनाएं चलाई जा रही है। योजनाओं से लाभान्वित होकर वे अपना खुद का रोजगार सृजन कर सकते हैं एवं अच्छी जिंदगी व्यतीत कर सकते हैं।
मौके पर उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार द्वारा चलाए जा रहे सरकार आपके द्वार जैसे कार्यक्रमों की सराहना की एवं इसके फायदे बताएं तथा लोगों को शिविर में आकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराने एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। आम नागरिकों से अपने हक अधिकार के लिए जागरूक रहने एवं अन्य लोगों के बीच भी जनजागरूकता फैलाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मौके पर ही विभिन्न योजनाओं के तहत सांकेतिक रूप से कुछ लोगों को प्रमाण पत्र एवं संपत्तियों का वितरण किया गया। फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। भगवती देवी जो कि दारू हडीया बनाना छोड़ गाय पालन से जुड़ गई है और दूध बेचकर अपनी आजीविका बढ़ा रही है।
जेएसएलपीएस के द्वारा इन्हें ब्याज मुक्त ऋण प्रदान कर गाय पालन से जोड़ा गया है। पिंकी देवी को कैश क्रेडिट लिंकेज के रूप में ₹07 लाख का चेक प्रदान किया गया है। मीरा देवी, शांति देवी, तेतरी देवी, फुल बसिया देवी, तबीजन बीबी, फुलजहां बीबी आदि कुल 12 लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया। गर्भवती महिलाएं के बीच गोदभराई का रस्म पूरा किया गया जबकि धात्री महिलाओं के बच्चों का मुंहजूठी का रस्म पूरा किया गया। सर्वजन पेंशन योजना के तहत जहरुन बीबी एवं जगनारायण राम को पेंशन स्वीकृति दी गई। कुल 30 छात्राओं को सांकेतिक रूप से सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत लाभान्वित किया गया, जिनमे कंचन कुमारी, किरण कुमारी, अंजनी कुमारी, समीदा खातून, शहजादी खातून, नरगिस खातून, सबा रिजवी, ललिता कुमारी आदि शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त आय, जाति, निवास व अन्य प्रकार के प्रमाण पत्रों को निर्गत हेतु, स्वास्थ्य एवम पोषण, वन विभाग, बैंक, शिक्षा विभाग, पंचायती राज, विद्युत विभाग, ई-श्रम, भूमि सुधार, एस बी एम व अन्य मामले से संबंधित आदि के भी स्टॉल लगाया गया था एवं हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गई थी। सभी लगाए गए स्टॉल एवं हेल्पडेस्क आदि का निरीक्षण आयुक्त श्री चौधरी द्वारा किया गया तथा जमा किये गए आवेदन के बारे में पूछा गया। आयोजित किये गये शिविर में कुल 1325 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों के निष्पादन हेतु पोर्टल पर अपलोड किया गया। कार्यक्रमों का आयोजन कर "आपकी योजना-आपकी सरकार- आपके द्वार" के तहत शिविर के जरिये विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों के आम नागरिकों को सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरलता से पहुचाने का कार्य किया जा रहा है।
उक्त शिविर में उपरोक्त पदाधिकारियों के अतिरिक्त जिला स्तर के अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थें। आज शिविरों का आयोजन उक्त प्रखंड एवं पंचायत के अलावे जिले के अन्य प्रखंडों यथा- बिशनपुरा, कांडी, खरौंधी, रमकंडा एवं रंका प्रखंड में भी किया गया था।