गोदरमाना : गढ़वा दक्षिणी वन प्रमंडल के रंका पूर्वी वन परीक्षेत्र अंतर्गत वन विभाग द्वारा लगाए गए गोदरमाना स्थित स्थाई पौधशाला में वित्तीय वर्ष 2008- 09 के अंतर्गत 3 हेक्टेयर में कलमी आम का बागान लगाया गया था। उचित देखभाल नहीं होने के कारण यह आम का बागान अब गायब होने कगार पर है। स्थाई पौधशाला में जंगल में पौधारोपण के लिए पौधा उगाया जाता है और एक साइड आम का बागान लगाया गया था। इस स्थाई पौधशाला में दो दैनिक वेतन भोगी कार्यरत है जो दिन एवं रात पौधशाला में देखभाल करते हैं।
इन कर्मियों ने बताया कि जंगल में चरने वाले आसपास के ग्रामीण के जानवर के द्वारा आम के पौधों एवं अन्य पौधों को क्षति पहुंचाया जाता है एवं कुछ दिन पूर्व हुए ओलावृष्टि में कई आम के पौधे नष्ट हो गए, आज से 2 साल पूर्व तक सभी आम के पौधे सही सलामत थे।
इधर पौधशाला में जो तार से घोरान किया गया था वह कई जगह से टूट गया है जिसके चलते पशुओं का पौधशाला में आवाजाही होने लगी। जिसके चलते कई पौधों को नुकसान पहुंचा है।
हम लोगों इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दे दिया है। अगर समय पर विभाग के द्वारा पौधशाला का घेराबंदी नहीं किया गया तो और भी नुकसान होने की संभावना है।