गोमिया। गोमिया अंचल किसान सभा द्वारा विभिन्न मांगो को लेकर बुधवार को प्रखंड कार्यालय में प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुरजीत सिन्हा,सीटू के प्रदेश उपाध्यक्ष रामचंद्र ठाकुर,किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामसुंदर महतो, किसान सभा के अंचल सचिव विनय महतो एवं अध्यक्ष लखन महतो ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुरजीत सिन्हा ने कहा कि झारखंड में जल,जंगल एवं जमीन के ऊपर कारपोरेट का हमला चल रहा है। एक तरफ अभी भी गैरमजूरुआ जमीन का रसीद निर्गत नहीं हो रहा है, वहीं दूसरी ओर वन अधिकार का लाभ जंगल क्षेत्र में रहने वाले लोगों को नहीं दिया जा रहा है। मनरेगा योजना के कार्यों में कई जगह मशीन से कार्य किया जा रहा है और विस्थापितों एवं किसानों को रोजगार, मुआवजा एवं पुर्नावास से वंचित रखा गया है। गांवों में स्वच्छ पेयजल की भीषण समस्या है। उन्होंने इसके खिलाफ एकजुट होने और आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया।
सीटू के राज्य उपाध्यक्ष रामचंद्र ठाकुर ने केंद्र की मोदी सरकार के जन विरोधी नीतियों,तानाशाही,मजदूरों एवं किसानों के अधिकारों पर हमले और सांप्रदायिकता के खिलाफ आगामी 20 मई के देशव्यापी हड़ताल का समर्थन करते हुए इसे सफल बनाने का आह्वान किया। मौके पर अंचल के उपाध्यक्ष घनश्याम महतो, भुनेश्वर महतो, लखपति महतो, परमानंद प्रजापति, रौशनलाल प्रजापति, विनय स्वर्णकार, भोला स्वर्णकार आदि उपस्थित थे।