गढ़वा : हिंदी दिवस के अवसर पर शहर के आरके पब्लिक स्कूल में हिंदी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल में हिंदी में सुबह की प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सुलेख, काव्य पाठ, कथा वाचन, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर स्कूल के निदेशक सह शिक्षाविद् अलखनाथ पांडेय ने सभी लोगों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति और एकता का प्रतीक है। यह हमें हमारे समृद्ध इतिहास, साहित्य और परंपराओं से जोड़ती है। हिंदी दुनिया भर में करोड़ों लोगों द्वारा बोली जाती है, जो इसे दुनिया की सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषाओं में से एक बनाता है।
हिंदी हमारी राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाती है और हमें विश्व में एक अलग पहचान दिलाती है। हिंदी जनमानस और भावनात्मक भाषा है जो लोगों के दिल को आसानी से छू लेती है।
स्कूल के प्राचार्य संतोष पाण्डेय ने कहा कि हिंदी का प्रयोग करना हीनता का प्रतीक नहीं है बल्कि यह हमारा गौरव है। बहुत सरल, सहज और सुगम भाषा होने के साथ हिंदी विश्व की संभवतः सबसे वैज्ञानिक भाषा है, जिसे दुनिया भर में समझने, बोलने और चाहने वाले लोग बहुत बड़ी संख्या में मौजूद हैं। मौके पर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिका सहित काफी संख्या में बच्चे उपस्थित थे।