श्री बंशीधर नगर : झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 को निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इस सिलसिले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सत्येंद्र नारायण सिंह की अगुवाई में उनके कार्यालय में झारखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती पुलिस पदाधिकारियों की अंतरराज्यीय बैठक आयोजित की गई।
सत्येंद्र नारायण सिंह, एसडीपीओ, श्रीबंशीधर नगर
इस बैठक में विधानसभा चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
Advertisement
एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक के दौरान सीमावर्ती राज्यों के अपराधकर्मियों, नक्सलियों और असामाजिक तत्वों की सूची तैयार की गई, जो चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैला सकते हैं। इसके साथ ही अंतरराज्यीय सीमा पर कहां-कहां चेक पोस्ट स्थापित करनी है, अवैध शराब, मादक पदार्थ और हथियारों की तस्करी पर नज़र रखने के लिए योजनाएँ बनाई गईं।
अंतरराज्यीय अपराधी गिरोहों की सूची और चुनाव के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की योजना भी चर्चा के केंद्र में रही। बैठक में यह सहमति बनी कि दोनों राज्यों के पुलिस विभाग आपस में पूरा सहयोग करेंगे ताकि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से संपन्न हो सके।