गढ़वा : गढ़वा और पलामू को जोड़ने वाली दानरो पुल को खतरनाक घोषित कर दिया गया है। यह पुल गढ़वा की लाइफ लाइन है और पलामू के इलाके को उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से जोड़ता है। पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल ने इस पर बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है। पुल पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल मेदिनीनगर के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि पुल की स्थिति काफी खराब है और सुरक्षा की दृष्टि से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर परिचालन पर रोक लगाई गई है। पुल के बगल में ही एक नया पुल बनाने का प्रस्ताव है जिसका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा।
जानकारी के अनुसार, दानरो पुल का मरम्मत कार्य एक सितंबर से शुरू होगा और मरम्मत कार्य होने तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा। मरम्मत के बाद बैरिकेडिंग की जाएगी ताकि बड़े वाहन इस पुल पर न चल सकें।
लोगों को तय करना होगा लंबा सफर
दानरो पुल को खतरनाक घोषित किए जाने के बाद लोगों को गढ़वा इलाके में दाखिल होने के लिए लंबा सफर तय करना होगा। छत्तीसगढ़ और पलामू के इलाके से सभी प्रकार के यात्री वाहन इसी पुल से गुजरकर गढ़वा इलाके पहुंचते हैं। प्रतिदिन 10 से 20 हजार वाहन इस पुल से गुजरते हैं। अब गढ़वा शहर में जाने के लिए लोगों को टंडवा मोड़ से बाईपास होते हुए चिनियां मोड़ से होकर जाना होगा। शहर से बाहर जाने वाले लोगों को भी बाईपास का प्रयोग करना होगा।