गढ़वा : गढ़वा जिले के संगीत विषय के शिक्षकों ने गोविंद हाई स्कूल के मैदान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक के पश्चात शिक्षकों ने झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ को एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें ग्रेड पे की असमानता को राज्य स्तरीय मुद्दा बनाने की अपील की गई।
बैठक में संगीत शिक्षकों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि 2010, 2015 और 2019 में सहायक शिक्षकों की बहाली के बावजूद, उनकी ग्रेड पे में असमानता है। उन्होंने बताया कि संगीत शिक्षकों को केवल 4200 ग्रेड पे मिलता है, जबकि अन्य विषयों के शिक्षकों को 4600 ग्रेड पे दिया जा रहा है। इस असमानता से संगीत शिक्षकों में गहरा असंतोष है, और वे मानसिक प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं।
शिक्षकों ने झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ से आग्रह किया कि इस मुद्दे को राज्य स्तरीय बनाने के साथ-साथ ग्रेड पे में असमानता को समाप्त किया जाए। इस बैठक में जवाहरलाल प्रजापति, आनंद कुमार चौबे, राजेश कुमार सिंह, आनंद कुमार रवि, सूरज कुमार, सीमा कुमारी, इंद्रदेव राम, राजा राम प्रजापति समेत कई शिक्षक शामिल थे।