गढ़वा : झारखंड विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन शेष हैं, और सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। इसी क्रम में झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो और राज्य के मंत्री रामेश्वर उरांव एक दिवसीय दौरे पर गढ़वा पहुंचे।
दौरे के दौरान सबसे पहले वे रंका चौक पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद, स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया।
मुख्य कार्यक्रम नवादा मोड़ स्थित स्थल पर आयोजित हुआ, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पंचायत, प्रखंड, अनुमंडल, और जिला स्तर के कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो और मंत्री रामेश्वर उरांव ने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब चुनाव नजदीक हैं, और हमें पूरे जोश के साथ मैदान में उतरना है, ताकि अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल की जा सके।
मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो ने कहा कि 'सवाँद आपके साथ' कार्यक्रम के तहत वे राज्य के सभी जिलों का दौरा कर रहे हैं, ताकि कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया और चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन जमा करने के लिए आज अंतिम दिन बताया।
मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ वे पूरे राज्य का दौरा कर रहे हैं, ताकि चुनाव की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार ने व्यापक विकास कार्य किए हैं, जिनका लाभ जनता को मिल रहा है, और इसी विश्वास के साथ वे आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।