गढ़वा : पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह की परिवर्तन सह जनसंपर्क यात्रा पिछले 100 दिनों से निरंतर जारी है। इसी क्रम में आज परिवर्तन यात्रा का आयोजन मेराल प्रखंड के पंचायत ग्राम छापरवार कला, छापरवार खुर्द, खोईरिडीह और तरके में किया गया। इस यात्रा के दौरान पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह ने विभिन्न ग्रामवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।
गिरिनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की नीतियों के कारण लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जो उन्हें उनके दरवाजे पर मिलनी चाहिए थी। उन्होंने मनरेगा की दुर्दशा का जिक्र करते हुए कहा कि महात्मा गांधी की आत्मा आज इस स्थिति को देखकर दुखी होगी। उन्होंने कहा कि लाभुकों और आम जनता के पैसे की लूट हो रही है, और इसी कारण परिवर्तन यात्रा आवश्यक है।
श्री सिंह ने वृद्धा पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं में हो रही लापरवाही की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी लड़ाई जनता के अधिकारों के लिए है। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार जनता को वादों के झूठे सपने दिखाकर असलियत में कुछ नहीं कर रही है।
परिवर्तन यात्रा में कई प्रमुख नेता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे, जिनमें अवध किशोर सिंह, सुनील चंद्रवंशी, शिवनाथ चौधरी, पदम सिंह, लक्ष्मण पासवान, और सैकड़ों ग्रामीण जनता शामिल थे। सभी ने एकजुट होकर इस यात्रा का समर्थन किया और परिवर्तन के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।