भवनाथपुर : भवनाथपुर प्रखंड क्षेत्र में मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के तहत लाभुकों का ऑनलाईन आवेदन करने में इंटरनेट सर्वर डाउन होने से कंप्यूटर ऑपरेटरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन देने के लिए महिलाओं की भीड़ प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायत सचिवालयों पर उमड़ रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रखंड के 9 पंचायतों में मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के तहत ऑनलाईन इंट्री के लिए कुल 6155 आवेदन पड़े हैं, जिनमें दो दिनों के अंदर मात्र 13 आवेदनों का ही ऑनलाईन निष्पादन हो सका है। इंटरनेट सुविधा की कमी और ऑनलाइन पोर्टल के सर्वर डाउन होने के कारण 4 अगस्त को मात्र सात आवेदन का ही ऑनलाइन इंट्री व निष्पादन हो सका।
Advertisement
शिविर में सुबह से इंतजार के बाद महिलाओं और युवतियों को निराश होकर घर लौटना पड़ रहा है, साथ ही उनके साथ आए बच्चों और वृद्ध अभिभावकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सर्वर डाउन के चलते शिविर में आवेदनों का त्वरित ऑनलाईन निष्पादन नहीं हो पाने से प्रखंड क्षेत्र में धान रोपनी का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
बीडीओ नंदजी राम ने लाभुकों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि तकनीकी कारणों से ऑनलाईन फॉर्म भरने में काफी परेशानी हो रही है। आगामी 10 अगस्त तक शिविर का आयोजन होना है, और शिविर में छूटे लाभुक शिविर के बाद भी फॉर्म भर सकते हैं। उन्होंने लाभ दिलाने के नाम पर बिचौलियों से सावधान रहने और किसी को पैसा नहीं देने की अपील की है।