भवनाथपुर : भवनाथपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में केतार थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सहोदर भाई परीखा पासवान और लकठु पासवान तथा मकरी के धंगरडीहा निवासी शामगिर अंसारी और शेर मोहम्मद अंसारी शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पहली घटना गुरुवार की रात करीब 10 बजे की है। केतार के नावाडीह गांव में अनजान व्यक्ति की आहट सुनकर परीखा पासवान द्वारा पूछे जाने पर गांव के ही गोपाल पासवान और उनके मामा से तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान परीखा पासवान के बड़े भाई लकठु पासवान ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करने की कोशिश की। इसके बाद गोपाल पासवान और उनके परिवार के अन्य सदस्य लाठी-डंडे से लैस होकर परीखा पासवान के घर पर हमला कर दिया, जिसमें दोनों सहोदर भाई घायल हो गए।
Advertisement
घटना की सूचना केतार थाना को देने के बाद, दोनों भाई इलाज के लिए शुक्रवार की सुबह भवनाथपुर सीएचसी अस्पताल पहुंचे।
दूसरी घटना भवनाथपुर ब्लॉक के सामने दो बाइकों की आपसी टक्कर की है। इस दुर्घटना में बाइक सवार शामगिर अंसारी और शेर मोहम्मद अंसारी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि वे बाइक पर सवार होकर घर से भवनाथपुर आ रहे थे, जब एक अन्य बाइक चालक ने साइड लेते समय उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सभी घायलों का भवनाथपुर सीएचसी अस्पताल में इलाज चल रहा है।