चिनियां : गढ़वा जिले के चिनियां थाना क्षेत्र के खुरी गांव के सरकी टोले में दर्जनों जंगली हाथियों ने पहुंचकर गांव निवासी राधेश्याम पासवान के घर को तोड़ कर, घर में रखे अनाज चट करते हुए पुरे घर को तहस-नहस कर दिया। मामले में पीड़ित परिवार ने बताया कि लगभग एक दर्जन जंगली हाथी पहुंचे तथा घर को तोड़कर अनाज खाने लगे। तभी हम सभी लोग डर के मारे खपरैल घर के पटवत पर चढ़कर जान बचाए। अगर हम लोग नहीं छुपते थे तो कई लोगों को जंगली हाथी जान ले सकता था।
मामले में पूछे जाने पर प्रभारी वनपाल अनिमेष कुमार ने बताया कि जंगली हाथियों के द्वारा घर तोड़े जाने की जानकारी मिली है। जंगली हाथियों द्वारा किए गए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।
Advertisement
सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।
बताते चलें कि पिछले 1 वर्ष से चिनियां थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का लगभग एक दर्जन झुंड विचरण कर रहा है, जिससे हमेशा आम ग्रामीण किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। जंगली हाथियों द्वारा अब तक सैंकड़ों एकड़ में लगे फसल तथा कई घर बर्बाद कर चुके हैं, तथा पूर्व में कई लोगों का जान भी ले चुका है, परंतु अभी तक विभाग द्वारा जंगली हाथियों को क्षेत्र से भगाने के लिए कारगर कदम नहीं उठाया गया है, जिससे आम ग्रामीण काफी दहशत में है तथा विभाग के प्रति गुस्सा भी है।