गढ़वा :जीएन कॉन्वेंट स्कूल में शहीद दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
गढ़वा: महात्मा गांधी के शहीद दिवस के अवसर पर जीएन कॉन्वेंट स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक एवं उपप्राचार्य बसंत ठाकुर ने दीप प्रज्वलन और गांधी जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर की।
प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए निदेशक ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने यह साबित किया कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर भी दुश्मनों का हृदय जीता जा सकता है। उनके विचार और सिद्धांत न केवल भारत को बल्कि विश्व को एक नई दिशा देने में सहायक रहे हैं।
निदेशक ने गांधी जी के सपनों के भारत पर चर्चा करते हुए कहा कि गरीबी, बेकारी, अशिक्षा, असमानता, भेदभाव और शोषण जैसे सामाजिक अवरोधों से मुक्ति पाना ही गांधी जी के स्वराज के विचार का केंद्र बिंदु था। उनका मानना था कि भारत की सांस्कृतिक विविधता और इतिहास हमें गर्व महसूस कराते हैं, और हर नागरिक को समान अधिकार मिलने चाहिए।
सभा में छात्रों को गांधी जी के विचारों से प्रेरणा लेने और एक समृद्ध और खुशहाल भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश भारती ने किया और धन्यवाद ज्ञापन संतोष प्रसाद ने दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक संतोष प्रसाद, खुर्शीद आलम, विकास कुमार, मुकेश भारती, कृष्ण कुमार, नीलम कुमारी, सरिता दुबे, शिवानी गुप्ता, पूजा प्रकाश, ऋषभ कुमार, और रागिनी कुमारी समेत अन्य शिक्षकों का योगदान सराहनीय रहा।