गढ़वा : झारखंड के पूर्व मंत्री और गढ़वा के पूर्व विधायक गिरीनाथ सिंह के नेतृत्व में परिवर्तन यात्रा और जन संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत, उन्होंने गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के रमकंडा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और गांवों में चौपाल लगाकर जनता से सीधे संवाद किया। सिसवा, कठमौली, हरहे, चपरी, गौरई करम, सुली पटसर, पथलगढ़वा, मुदखुड़, दाहो, रक्सी, मगराही, और मुरली जैसे गांवों का दौरा करते हुए, गिरीनाथ सिंह ने जनता की समस्याएं सुनीं और आगे भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रखने का आश्वासन दिया।
गिरीनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जोर देते हुए कहा कि गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों और थानों में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे जनता परेशान है।
Advertisement
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भ्रष्टाचार नहीं रुका तो जन आंदोलन किया जाएगा और भ्रष्टाचारियों को अपने कार्य बंद करने की चेतावनी दी जाएगी।
अभियान के दौरान, गिरीनाथ सिंह को रमकंडा प्रखंड के विभिन्न गांवों में अपार समर्थन मिला। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में गढ़वा विधानसभा के विभिन्न प्रखंडों में परिवर्तन यात्रा निकालकर जनता से सीधे संबंध स्थापित किया जाएगा और उनकी मूल समस्याओं को उठाने का काम किया जाएगा।