केतार : केतार प्रखंड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को झालसा के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार राजेश शरण सिंह और सचिव रवि चौधरी के आदेश पर चलंत लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य न्याय आपके द्वार कार्यक्रम के तहत लोगों को विधिक सेवाएं और सहायता प्रदान करना था। प्रखंड विकास पदाधिकारी सावित्री कुमारी ने बताया कि इस कार्यक्रम से लोगों को काफी लाभ होगा और उन्हें अपनी समस्याओं को हल करने का अवसर मिलेगा।
इस मौके पर एलडीसी सुधीर तिवारी ने विधिक सेवा प्राधिकार के बारे में विस्तृत जानकारी दी और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रावधानों को समझाया।
उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकार के तहत लोगों को केस के सभी चरणों में मुफ्त वकील उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे संविधान में दिए गए न्याय के अधिकार का पालन सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए और उपस्थित लोगों को विधिक सलाह दी गई। अधिवक्ता बलबीर चौधरी ने झालसा की विभिन्न स्कीमों के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर केतार प्रखंड प्रमुख चंद्रावती देवी, जिला परिषद सदस्य ज्वाला प्रसाद, पीएलवी अनिल यादव, कुलदीप राम, शाहीना परवीन और प्रखंड कर्मी भी उपस्थित थे।
झारखंड चलंत लोक अदालत गाड़ी और जिला विधिक प्राधिकार, गढ़वा के अधिकारियों द्वारा केतार और गढ़वा के बीच काम कर रहे मजदूरों के बीच ठंडे पानी एवं ओआरएस का वितरण भी किया गया।