गढ़वा : जिले के धुरकी प्रखंड मुख्यालय में "न्याय आपके द्वार" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से श्री प्रवीन कुमार साह (मुख्य एलएडीसी), अधिवक्ता बलबीर चौधरी, श्रीमती मानमती देवी (पीएलभी) और श्रीमती साइना प्रवीण ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जुल्फिकार अंसारी और गणमान्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों में प्रमुख श्रीमती शांति देवी, जिला परिषद सुनीता कुमारी, और उप प्रमुख धर्मेन्द्र यादव शामिल थे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री जुल्फिकार अंसारी ने इस अवसर पर कानून में उपलब्ध विभिन्न प्रावधानों का जिक्र किया, जिससे गरीब शोषित वर्ग, अनुसूचित जाति और जनजाति को लाभ पहुंचाया जा सकता है।
वहीं, श्री प्रवीन कुमार साह ने जिला विधिक प्राधिकरण द्वारा गरीब और शोषित वर्गों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति, दिव्यांगों के लिए उपलब्ध नि:शुल्क न्यायिक सहायता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रखंड वासियों से प्रखंड में कार्यरत पारा लीगल वोलंटियर की उपयोगिता पर जोर दिया।
अधिवक्ता बलबीर चौधरी ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिनमें शामिल हैं:
नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं एवं नशा उन्मूलन के लिए विधिक सेवाएं।
आदिवासियों के अधिकारों का संरक्षण और प्रवर्तन के लिए विधिक सेवाएं।
गरीबी उन्मूलन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विधिक सेवाएं।
मानसिक रूप से बीमार और विकलांग व्यक्तियों के लिए विधिक सेवाएं।
बच्चों के मैत्रीपूर्ण संरक्षण के लिए विधिक सेवाएं।
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवाएं।
तस्करी और वाणिज्यिक यौन शोषण पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं।
उन्होंने उपस्थित नागरिकों से विवाद के त्वरित निपटारे या किसी काम में हो रही देरी की सुनवाई के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को आवेदन करने का अनुरोध किया, ताकि संबंधित विभागों से संपर्क कर उनके काम को पूरा किया जा सके।