अवैध प्रेम संबंध में हुई थी हजारीबाग के युवक संजय मरांडी की हत्या, महुआटांड़ के सहदेवा टुंगरी जंगल मे हत्या कर फेंका गया था शव, आरोपित दंपति को भेजा गया जेल
गोमिया। बेरमो अनुमंडल के महुआटांड़ थाना पुलिस ने सोमवार को जिस अज्ञात युवक का शव थाना क्षेत्र अंतर्गत टीकाहारा पंचायत के सहदेवा टुंगरी जंगल से बरामद किया था। उसकी हत्या अवैध प्रेम संबंध के कारणों से हुई है। मामले में महुआटांड़ पुलिस ने 72 घंटे बाद हत्यारों को गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया है।
मामले का खुलासा शुक्रवार को गोमिया अंचल पुलिस निरीक्षक आशीष खाखा ने किया। गोमिया अंचल पुलिस निरीक्षक के कार्यालय बेरमो में आयोजित पीसी को संबोधित करते हुए आशीष खाखा ने बताया कि सोमवार को महुआटांड़ थाना की पुलिस ने टीकाहरा सहदेवा टुंगरी जंगल से जिस अज्ञात युवक का शव बरामद किया था। अवैध प्रेम प्रसंग में साजिशन उसकी हत्या की गई थी। बताया कि गुरुवार को हजारीबाग जिला अंतर्गत पोटमो ग्राम निवासी संतोष मरांडी ने शव का शिनाख्त अपने छोटे भाई 28 वर्षीय संजय मरांडी के रूप में किया था। जिसके आधार पर महुआटांड़ थाना में अज्ञात के खिलाफ कांड 25/22 दर्ज किया गया था।
पुलिस निरीक्षक खाखा ने बताया कि मामले का उद्भेदन के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देशन एक टीम का गठन किया गया। जिसके बाद शुक्रवार को तकनीकी शाखा के मदद से टीकाहारा चटनियां गांव के बुटन हांसदा को गिरफ्तार किया गया। बताया कि कड़ाई से पूछताछ में बुटन ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। बताया कि मृतक संजय मरांडी और बुटन की पत्नी सुनीता देवी उर्फ छोनी देवी का बीते चार माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतक संजय को सुनीता देवी उर्फ छोनी देवी ने उसके पति के दबाव में 7 अगस्त को मिलने बुलाया। उसी दौरान बुटन हांसदा और उसकी पत्नी सुनीता देवी उर्फ छोनी देवी ने साथ मिलकर संजय की हत्या कर दी और शव को घर के पास जंगल टीकाहरा सहदेवा टुंगरी के समीप एक गड्ढे में फेंक दिया। बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मृतक संजय के मोटरसाइकिल को जंगल में छिपा देने की बात कबूल किया। निशानदेही के आधार पर गठित पुलिस टीम ने मृतक का मोटरसाइकिल होंडा साइन व सैमसंग मोबाइल को भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
आशीष खाखा ने बताया कि मामले में घटना में प्रयुक्त अभियुक्तगण का भी एक आइटेल का मोबाइल और यामहा का मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर मेडिकल उपरांत तेनुघाट जेल भेज दिया गया है। मौके पर महुआटांड़ थाना प्रभारी विवेक तिवारी भी मौजूद थे। छापेमारी टीम में पुलिस अवर निरीक्षक आनंद करमाली, अर्जुन महतो भी मौजूद थे।
बता दें कि बीते सोमवार को महुआटांड़ थाना पुलिस को जिस व्यक्ति का शव मिला है उसके सर पर गहरे चोट के निशान मिले थे। महुआटांड़ पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे बीजीएच के मोर्चरी में रखा गया था।