सड़क दुर्घटना में मुखिया पति का टूटा पैर गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया भर्ती, गंभीर रूप से घायल मुखिया पति को सीएचसी चिकित्सकों ने किया बोकारो सदर रेफर
गोमिया। गोमिया-तेनुघाट मुख्य सडक मार्ग पर होसिर के समीप बुधवार को बाइक और अज्ञात स्कॉर्पियो की टक्कर में गोमिया प्रखंड के सिंयारी पंचायत की निवर्तमान मुखिया सुनीता देवी के पति नीरुलाल मांझी (NEERULAL MANJHI) गंभीर रुप से घायल हो गये।
बताया जाता है कि मुखिया पति तेनुघाट कोई जरुरी काम से गए थे और दोपहर को लौट रहे थे। लौटने के दौरान ही विपरीत दिशा गोमिया से तेनुघाट की ओंर जा रहे लाल रंग की स्कॉर्पियो ने अनियंत्रित होकर बाइक सवार मुखिया पति को सामने से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद भी स्कॉर्पियो चालक स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों द्वारा दुर्घटना की तुरंत सूचना गोमिया थाना पुलिस को देते हुए घायल को डॉयल 108 एम्बुलेंस से गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया जहां महिला चिकित्सक डॉ. कुमारी संगीता द्वारा प्राथमिक इलाज के बाद घायल को बेहतर ईलाज के लिए बोकारो सदर रेफर कर दिया गया है।
महिला चिकित्सक ने बताया कि घायल के एक पैर बहुत ही बुरी तरह फ्रेक्चर हुआ है जिसे तत्काल बेहतर ईलाज के लिए रेफर किया गया है। वहीं गोमिया थाना पुलिस भी अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।