गोमिया। गोमिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोठीटांड़ में वर्षों से रह रहे दामाद ने ससुराल में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में गोमिया पुलिस कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार कतरास निवासी लालू कुमार उर्फ मुकेश की शादी उपरांत से ही अपने ससुराल कोठीटांड़ में निवास कर रहा था। बताया गया कि बीती रात किसी बात को लेकर लालू और उसकी पत्नी आशा देवी आपस में उलझ गए। उपजे विवाद में लालू खुद को मकान के एक कमरे में कैद कर लिया फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। पत्नी आशा ने बताया कि बहुत देर तक जब पति का कोई शोर-गुल (आवाज) नहीं सुनाई दी तो उसे कुछ अनहोनी का शक हुआ। दरवाजा नहीं खिलने की स्थिति में पड़ोसियों की मदद ली गई। दरवाजा तोड़कर जब अंदर घुसे तो लालू को फंदे से लटका हुआ पाया। आनन फानन में लालू को स्थानीय एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में ही युवक को मृत घोषित कर दिया। तत्पश्चात पुलिस और युवक के रिश्तेदारों को जानकारी दी गई।
सूचनोपरांत बेरमो से पहुंची युवक के फूफी रेखा देवी ने बताया कि युवक के माता पिता का पूर्व में ही निधन हो चुका है। एक भाई है जो कि विकलांग है दो बहनें भी अन्यत्र प्रदेशों में विवाहित है। बताया कि परिवार निहायत गरीब होने के कारण युवक शादी के बाद से ही गोमिया कोठीटांड़ अपने ससुराल में ही रहने लगा था। बताया कि दूरभाष पर मौत की सूचनोपरांत वे यहां पहुंची थी। गोमिया थाना प्रभारी आशीष खाखा की मौजूदगी में पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पीएम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में विवेचना कर रही है।