कांडी : ब्रह्मविद्या विहंगम योग संस्थान की ओर से सोमवार को बीपीएम पब्लिक स्कूल ढबरिया के प्रांगण में मासिक सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पलामू जिला प्रचारक रामरेश यादव और गढ़वा जिला उपदेष्टा सह अक्षयकोष संग्रह प्रभारी सुरेंद्र विश्वकर्मा थे। सभी ने सद्गुरु के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
मौके पर मुख्य अतिथि रामरेश यादव ने कहा कि सद्गुरु के पास ज्ञान की धारा होती है, जिससे जीवों का कल्याण होता है। सद्गुरु देव ईश्वर और जीवों को मिलाने का कार्य करते हैं। जिला उपदेष्टा सुरेंद्र विश्वकर्मा ने उपस्थित गुरु भाई-बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे द्वारा किया गया शुभ-अशुभ कर्म का फल सबको भोगना पड़ता है।
सद्गुरु के शिष्य ज्ञान के आधार पर साहस, धैर्य के साथ प्रारब्ध भोगता है, जबकि एक सांसारिक व्यक्ति रोकर भोगता है।
कार्यक्रम की समाप्ति वंदना, आरती और शांतिपाठ के साथ सम्पन्न हुआ। साथ ही महाप्रसाद का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड प्रभारी संदीप कुमार ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामब्रत विश्वकर्मा, जय प्रकाश मेहता, प्रवीण कुमार, राम किशोर प्रसाद, सत्येंद्र कुमार, अवधेश मेहता, रेणु देवी, मंजू देवी, आशा देवी, अनुराधा देवी सहित कई गुरु भाई-बहनों ने अहम भूमिका निभाई।