गढ़वा : जिले के तलशबरिया गांव में जमीनी विवाद के चलते एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल महिला की पहचान मझिआंव थाना क्षेत्र के तलशबरिया गांव निवासी साकिर खान की पत्नी अफसाना बीवी के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अफसाना बीवी अपने खेत को जेसीबी से समतल करवा रही थी। इसी बीच, गांव के ही जाफिर खान ने यह दावा करते हुए कि जमीन उसकी है, गड़ासा से अफसाना बीवी पर हमला कर दिया। जाफिर खान ने कहा कि इस जमीन पर कोई भी काम नहीं हो सकता।
अफसाना बीवी का कहना है कि यह जमीन उसकी है और जाफिर खान ने जबरदस्ती कब्जा करने के इरादे से हमला किया। घायल अवस्था में परिजनों ने अफसाना बीवी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।