गढ़वा : गढ़वा बरडीहा थाना क्षेत्र के सलगा गांव निवासी स्वर्गीय कन्हाई यादव का पुत्र श्यामनाथ यादव (52 वर्ष) की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि श्यामनाथ यादव नगर ऊंटरी में बन रहे ओवर ब्रिज में मजदूरी का काम कर रहा था। काम करने के बाद रात में सोने गया और सुबह में साथ के लोगों ने उसे अचेत अवस्था में पाया। गंभीर स्थिति में उसे गढ़वा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जानकारी मिलने पर गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि उसके पैर में सांप काटने का निशान था और आशंका जताई कि रात में सोते समय सांप ने उसे काट लिया होगा।