स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज़ : उत्तराखंड में चीन की सीमा से लगते जोशीमठ के पास ग्लेशियर शुक्रवार को के टूटने की खबर सामने आई। भारी बर्फबारी ग्लेशियर के टूटने की वजह बताई जा रही है। इस घटना पर बॉर्डर रोड टास्क फोर्स के कमांडर कर्नल मनीष कपिल ने बताया कि भारत-चीन सीमा के पास उत्तराखंड के जोशीमठ के नजदीक एक ग्लेशियर फट गया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इस घटना पर ट्वीट करते कहा कि वे लगातार जिला प्रशासन से संपर्क में हैं। उन्होंने कहा- "नीती घाटी के सुमना में ग्लेशियर टूटने की सूचना मिली है। इस संबंध में मैंने एलर्ट जारी कर दिया है। मैं निरंतर जिला प्रशासन और बीआरओ के सम्पर्क में हूं।"
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने आगे कहा- जिला प्रशासन को मामले की पूरी जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दे दिए हैं। एनटीपीसी एवं अन्य परियोजनाओं में रात के समय काम रोकने के आदेश दे दिए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना ना होने पाये।