स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज़ : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अर्जेंटीना दौरे की सकारात्मक शुरुआत करते हुए गत ओलंपिक चैंपियन को यहां पहले अभ्यास मैच में 4-3 से हराया। निलाकांत शर्मा (16वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (28वें मिनट), रूपिंदर पाल सिंह (33वें मिनट) और वरुण कुमार (47वें मिनट) ने मंगलवार रात हुए मुकाबले में भारत की ओर से गोल दागे। मेजबान टीम की ओर से ड्रैग फ्लिकर लिएंड्रो तोलिनी (35 और 53वें मिनट) ने दो जबकि मासियो कासेला (41वें मिनट) ने एक गोल किया। दोनों ही टीमों ने पहले क्वार्टर में धीमी शुरुआत की, लेकिन भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में तेजी दिखाई।