स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज़ : झारखंड के पलामू में पुलिस के सामने एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। दरअसल, यहां एक शख्स के 20 सूअर चोरी कर लिए गए। ऐसे में शख्स ने चोरी किए गए सूअरों को खोज लाने की गुहार एसपी से लगाई है। इधर, पलामू एसपी संजीव कुमार ने भी मामला संज्ञान में आने के बाद कहा कि चोरी छोटी हो या बड़ी, अपराध ही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि चोरी किए गए जानवर बिहार में हैं। अब झारखंड पुलिस की टीम बिहार जाकर मामले की जांच करेगी।
पीड़ित लक्ष्मी दास ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि उन्हें शक है कि उनके 20 सूअर चोरी करने के बाद बिहार के शेरघाटी ले जाए गए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मई में उनकी बेटी की शादी होने वाली है। उन्होंने शादी में दहेज देने के लिए 20 सूअर खरीदे थे, लेकिन 30 मार्च को उन्हें सूअरों का बाड़ा टूटा हुआ मिला। वहां से सभी सूअर गायब थे।