टोनी आलम, एएनएम न्यूज़, कोयलांचल : कोयलांचल में वैध खदानों के साथ-साथ अवैध खदानें भी जोर शोर से चल रही है। केंद्रीय जांच एजेंसीया और सी बी आई अब इनपर नकेल कसने की तैयारी में है। इन अवैध कारोबारियों की कुंडली खंगालकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने को यह सभी एजेंसीयां तत्पर है । सी बी आई के हवाले से खबर है कि, ईसीएल के पांच अधिकारियों के खिलाफ इस जांच एजेंसी की एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज की गयी है । इसके उपरांत ही उन्होंने अभियान छेड़ा है। सूत्रों की माने तो इन अधिकारियों के खिलाफ कोयला माफियाओं को मदद पंहुचाने का आरोप है । विदित हो कि पिछले शुक्रवार को कुनस्तोरिया एरिया के सुरक्षा अधिकारी धनंजय राय को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था । सी बी आई की जांच में ईसीएल अधिकारी का नाम आने से ईसीएल की जांच एजेंसी विजिलेंस विभाग भी हरकत में आ गयी है । सूत्रों की मानें तो वह भी समानांतर रुप से जांच कर रही है । मंगलवार को विजिलेंस की एक टीम पांडवेश्वर एरिया कार्यालय आयी। उस वक्त कार्यालय में एरिया के जेनरल मैनेजर अमित कुमार धर मौजूद नहीं थे । खबर है कि उनकी गैर मौजूदगी में अधिकारियों ने उनके दफ्तर को ताला लगा दिया । इसके बाद विजिलेंस की यह टीम पांडवेश्वर थाना अन्तर्गत जामुड़िया ब्लॉक के श्यामला इलाके में गयी । आरोप है कि यहां लंबे समय से अवैध खदानें चलायी जाती हैं । संस्था द्वारा हाल ही में ऐसे करीब 50 अवैध खदानो को मिट्टी डालकर भर दिया गया था । मंगलवार को विजिलेंस की टीम ने उन खदानों का जायजा लिया। साथ ही इलाके में और भी अवैध खदान है या नही इसकी जानकारी ली। पांडवेश्वर के अलावा मंगलवार को झांजरा इलाके के 3-4 खदानों में भी अभियान चलाया गया । कोलियरी के एक सुरक्षा अधिकारी से केंद्रीय जांच एजेंसी के अफसरों ने पुछताछ की । विजिलेंस और केंद्रीय जांच एजेंसी के इन अभियानो से ईसीएल अधिकारीयो और खदान श्रमिको में हडकंप मच गया है।