स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज़: मंगलवार को लोकसभा में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने अपील की कि वह ‘राम’ या ‘अल्लाह’ के नाम पर देश में भेदभाव पैदा न करें, क्योंकि ये सभी नाम एक ही ईश्वर के हैं, जिनके सामने हम झुकते हैं। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि भगवान ने हम सभी को एक जैसा ही बनाया है, चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान। उन्होंने ने कहा, आप मंदिर में जाते हैं तो मैं मस्जिद में जाता हूं, कुछ गुरुद्वारा या चर्च जाते हैं। एक डॉक्टर कभी भी खून की बोतल को देखकर ये नहीं पूछता है कि ये खून हिंदू का है या मुसलमान का। उन्होंने कहा, राम पूरी दुनिया के हैं। राम हम सभी के हैं। इसी तरह कुरान सिर्फ हमारा नहीं, सबका है।