एएनएम न्यूज़, डेस्क : दिल्ली कूच के लिए राजधानी के बार्डरों पर डेरा जमाये बैठे आंदोलनकारी किसानों से दिल्ली पुलिस द्वारा निर्धारित स्थान पर एकत्र होने का अनुरोध करते हुए सरकार ने कहा है कि किसानों के इस स्थान पर आते ही उनकी मांगों और समस्याओं पर उनके साथ बातचीत की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किसान नेताओं से अपील की है कि उनके सीमाओं और राजधानी के बार्डरों पर एकत्र होने से आने जाने वाले लोगों तथा किसानों को भी असुविधा हो रही है। शाह ने कहा है कि सरकार किसानों ही हर समस्या तथा मांग पर उनके साथ बातचीत के लिए तैयार है और कृषि मंत्री ने इसके लिए तीन दिसंबर की तारीख तय की है।
उन्होंने कहा कि यदि किसान चाहते हैं कि सरकार उनसे तीन तारीख से पहले बात करे तो सभी किसान नेताओं से अनुरोध है कि वे किसानों को लेकर दिल्ली पुलिस द्वारा निर्धारित स्थान पर एकत्र हो जायें और सरकार तुरंत आपकी समस्याओं और मांगों पर बातचीत लिए तैयार है।